P Sharma
कन्नौज / इंदरगढ़
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में थार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कन्नौज के इंदरगढ़ में सोमवार देर रात तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार चार दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार अपनी बाइक से गांव के ही दोस्त 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता, 45 वर्षीय वेदराम पाल और 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता के साथ इंदरगढ़ के विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। तभी तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों दोस्त सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में विजय कुमार, मनीष कुमार सविता और वेदराम पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं आशीष कुमार सविता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल आशीष को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाला वाहन थार कार बताया जा रहा है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। टक्कर मारने वाली गाड़ी का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एक साथ तीन मौतों से आगौस गांव में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है।
पुलिस का कहना है कि फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रदेश में तेज रफ्तार थार से लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से गति सीमा में वाहन चलाने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की है।

