गोलगप्पे और टिक्की पड़ी भारी, 150 से ज्यादा लोग बीमार, 30 अस्पताल में भर्ती, 18 बच्चे PICU में

P Sharma 

सिद्धार्थनगर। दीपावली के त्योहार पर गोलगप्पे और टिक्की खाना लोगों को भारी पड़ गया। खेसराहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर पेदारी गांव और आसपास के दो-तीन गांवों में गोलगप्पे खाने के बाद 150 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। इनमें से 30 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव के एक स्थानीय विक्रेता के यहां से लोगों ने गोलगप्पे और टिक्की खाई थी। खाने के दो दिन बाद लोगों में उल्टी और दस्त के लक्षण दिखाई देने लगे। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई।

इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि अब तक लगभग 30-33 मरीजों को इमरजेंसी विभाग में भर्ती किया गया है। इनमें लगभग 18 बच्चों को पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि 15 मरीज 15 साल से अधिक उम्र के हैं।

2-3 मरीजों की हालत थी गंभीर

डॉक्टर ने बताया कि भर्ती किए गए लोगों में से दो-तीन की हालत गंभीर थी, लेकिन अब सभी की स्थिति स्थिर है। अस्पताल में अभी भी मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। जानकारी मिली है कि बस के जरिए और भी मरीज अस्पताल लाए जा रहे हैं।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला सामूहिक फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। विक्रेता के ठेले से खाने के सैंपल लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि खाने में क्या गड़बड़ी थी।

गांव में दहशत का माहौल

घटना के बाद कलनाखोर पेदारी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने ठेले वालों के खाने की जांच कराने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *