P Sharma
कनैला प्राथमिक विद्यालय का मामला, दो सहायक अध्यापक और एक शिक्षामित्र भेजे गए जेल
बलिया।गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार के छात्र की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत के मामले में पुलिस ने दूसरे ही दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नामजद तीन शिक्षकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तार शिक्षकों में दो सहायक अध्यापक विजय शंकर निवासी चेतक किशोर, थाना सिकंदरपुर, अनिल कुमार निवासी निराला नगर, थाना कोतवाली तथा एक शिक्षामित्र दीपचन्द्र राम निवासी हरिपुर, थाना गड़वार शामिल हैं। तीनों की तैनाती कनैला के प्राथमिक विद्यालय नौका पोखरा में थी।
बताया गया कि सोमवार, 2 नवंबर को कनैला प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र विद्यालय की छत पर लगे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया था। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने गड़वार थाने में तहरीर दी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 294/2026 के तहत बीएनएस की धारा 105, 198 और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ तीनों आरोपियों को दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तीनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

