P Sharma
गौरी लंकेश की हत्या के बाद बदले प्रकाश, NEET विवाद में छात्रों के पक्ष में उतरे तो फिर गंवाए प्रोजेक्ट्स
मुंबई, 1 नवंबर। बेबाक राजनीतिक बयानों के लिए मशहूर अभिनेता प्रकाश राज को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी है। यह खुलासा उनकी पत्नी और कोरियोग्राफर पोनी वर्मा ने एक इंटरव्यू में किया है।
पोनी ने बताया कि प्रकाश को कई फिल्मों और बड़े विज्ञापन ब्रांड्स से हाथ धोना पड़ा है। कई फिल्म मेकर्स ने तो एडवांस पैसे देने के बाद भी उन्हें प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस बदलाव का सबसे बड़ा मोड़ 2017 था, जब प्रकाश की 35 साल पुरानी दोस्त और पत्रकार गौरी लंकेश की बेंगलुरु में हत्या कर दी गई थी। “गौरी की खबर सुनकर प्रकाश पूरी तरह टूट गए थे। वो बिखर गए थे,” पोनी ने यूट्यूब चैनल प्रेमा पर दिए इंटरव्यू में कहा।
“गौरी के जाने के बाद कुछ हिल गया उनके अंदर। उन्होंने कहा – ‘एक औरत होकर वो डटी रही, बोली… तो मैं क्यों चुप रहूं? अब मैं बोलूंगा।'”
पोनी ने माना कि उन्हें हमेशा प्रकाश की सेफ्टी की टेंशन रहती है, लेकिन प्रकाश अपने उसूलों के पक्के हैं।
पोनी ने कहा, “मैं जानती हूं उनका काम कितना अफेक्ट हुआ। ऐड चले गए, फिल्में छीन ली गईं। उन्हें इंडस्ट्री में बहुत नुकसान झेलना पड़ा। लेकिन वो कहते हैं – मेरा ज़मीर कहता है जो हो रहा है वो गलत है, तो मैं चुप नहीं रह सकता।”
हाल में NEET पेपर लीक विवाद में भी प्रकाश छात्रों के समर्थन में खुलकर सरकार के खिलाफ बोले थे, जिसके बाद फिर से उन्हें काम से बाहर किए जाने की खबरें आईं।

