दरवाजा रोकने वाला पत्थर निकला 9 करोड़ का खजाना, 3.8 करोड़ साल पुराना है एम्बर

P Sharma 

रोमानिया की बुजुर्ग महिला दशकों तक करती रही इस्तेमाल, चोरों ने भी समझा बेकार पत्थर

बुज़ऊ (रोमानिया)। एक बुजुर्ग महिला दशकों तक जिस पत्थर से अपने घर का दरवाजा रोकती रही, वह पत्थर 9 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का दुर्लभ एम्बर निकला।

मामला रोमानिया के कोल्टी गांव का है। बुजुर्ग महिला को स्थानीय नदी में करीब 3.5 किलो वजनी लाल-काला पत्थर मिला था। वह उसे घर ले आई और दरवाजा रोकने के लिए इस्तेमाल करने लगी। एक बार चोरों ने घर से सोने के जेवर चोरी कर लिए, लेकिन इस पत्थर को बेकार समझ कर छोड़ दिया।

1991 में महिला की मृत्यु के बाद उसके रिश्तेदार ने पत्थर को रोमानिया सरकार को सौंप दिया। पोलैंड के क्राको हिस्ट्री म्यूजियम में जांच में पता चला कि यह साधारण पत्थर नहीं, बल्कि रुमानाइट किस्म का एम्बर है, जिसकी उम्र 3.8 करोड़ से 7 करोड़ वर्ष के बीच है। यह प्राचीन पेड़ों की गोंद से बना जीवाश्म है।

बुज़ऊ काउंटी म्यूजियम के निदेशक डेनियल कोस्टाचे के अनुसार यह दुनिया में मिला सबसे बड़ा रुमानाइट टुकड़ा है और इसकी कीमत लगभग 10 लाख यूरो (करीब 9 करोड़ रुपये) है। सरकार ने इसे राष्ट्रीय खजाना घोषित कर म्यूजियम में सुरक्षित रखा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *