P Sharma
गोंडा, 3 नवंबर।नगर कोतवाली क्षेत्र के धनौली ग्राम पंचायत के पंडित पुरवा में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की पहचान चांदनी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार चांदनी की शादी एक साल पहले सुहागपुर ग्राम पंचायत के उवनिया गांव निवासी करन के साथ तय हुई थी। आगामी 15 नवंबर को दोनों परिवारों के बीच बैठक कर शादी की तारीख तय होनी थी। शादी अगले वैशाख महीने में प्रस्तावित थी।
पिता रेलवे में ठेके पर मजदूरी करते हैं। उन्होंने शादी के लिए बेड, सोफा सहित अन्य सामान के लिए दुकानों में एडवांस जमा किया था। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह युवती ने पिता के लिए खाना भी बनाया था।
परिजनों के मुताबिक चांदनी और उसके मंगेतर के बीच पिछले एक साल से बातचीत हो रही थी। सोमवार को दोनों के बीच क्या बात हुई, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।
सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

