P Sharma
बलिया, 3 नवंबर। गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चौथी कक्षा के 11 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की स्कूल की छत पर हाइटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि छात्र मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने छत पर गया था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
मृतक के भाई सलमान की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र और बिजली विभाग के अवर अभियंता के खिलाफ FIR दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच जारी है।

