P Sharma
स्टाफ नर्स निकली मास्टरमाइंड, पति-देवर भी शामिल; पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचा शूटर
देवरिया। रुद्रपुर सीएचसी परिसर के सरकारी आवास में 24 अक्टूबर को हुई गर्भवती महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कम दहेज और पारिवारिक विवाद के चलते सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स ने ही अपनी भाभी की 3 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। देवरिया में सुपारी किलर से दहेज हत्या का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के चांदबारी गांव निवासी पूर्णिमा देवरिया के रुद्रपुर सीएचसी में स्टाफ नर्स है और सीएचसी कैंपस के सरकारी आवास में रहती है।
मृतका गुड़िया देवी (पति चमन लाल) उसकी भाभी थी, जो 5 महीने की गर्भवती थी। चिकित्सकीय सुविधा के चलते गुड़िया कुछ दिनों से ननद के साथ ही सरकारी आवास में रह रही थी। उसकी एक 3 साल की बेटी भी है। गुड़िया का मायका देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल गांव में है।
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, ननद और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में सुपारी किलर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

