P Sharma
*नई दिल्ली, 21 जून 2026*
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) 2026 आज देशभर में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा के सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 केंद्रों तथा विदेशों में 14 केंद्रों पर हो रही है। यह परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में कराई जा रही है।
*95 हजार कक्षों में एआई निगरानी*
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं। इन सभी में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरों से राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लाइव निगरानी की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी रोकने के लिए 51,311 जैमर भी तैनात किए गए हैं।
*हर कक्ष में दो निरीक्षक, बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य*
प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो निरीक्षक नियुक्त हैं। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए लगभग 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मी तैनात हैं। सभी केंद्रों पर तकनीकी व्यवस्था के लिए सेंटर सिस्टम ऑफिसर (सीएसओ) भी मौजूद हैं।
*6,700 ऑब्जर्वर तैनात, वायुसेना कर रही मदद*
सुरक्षा के लिए करीब 6,700 ऑब्जर्वर तथा 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण एआई आधारित तकनीकों से भी किया जा रहा है। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और परिवहन में राज्य सरकारों, पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, भारतीय वायु सेना और डाक विभाग का सहयोग लिया गया है।

