चार दिन बीतने के बाद भी दलित महिला की तहरीर पर FIR दर्ज नहीं, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

चार दिन बीतने के बाद भी दलित महिला की तहरीर पर FIR दर्ज नहीं, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

गोण्डा, कर्नलगंज। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र की एक दलित महिला ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि 5 जून 2026 की रात करीब 10 बजे हुई मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की घटना के बाद 4 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मोहल्ला निवासी अकबर अली की पत्नी, उनकी बेटी तैयबा, शाहनाज, फुले, चांद बाबू, राजा बाबू समेत कई लोग एक राय होकर उनके घर में घुस आए थे। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ और उनकी पुत्री के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पुत्री को घर से बाहर घसीटकर कपड़े फाड़ दिए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के मुताबिक घटना के तुरंत बाद कोतवाली कर्नलगंज में लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद अब तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ। उनका आरोप है कि पुलिस उन्हें कस्बा चौकी और कोतवाली के बीच चक्कर लगवा रही है और सुलह-समझौते का दबाव बना रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला दलित उत्पीड़न और महिला सम्मान से जुड़ा है, ऐसे में पुलिस को SC/ST एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी। वहीं पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में उनका पक्ष अभी नहीं मिल पाया है।

पीड़िता ने मामले में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि FIR दर्ज न होने से वे भय और दहशत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *