आगरा हाईवे पर मौत का तांडव: टक्कर के बाद धूं-धूं जले कंटेनर-डंपर, सीट से चिपकी मिलीं दो लाशें, सिर्फ हड्डियां बचीं

P Sharma 

सुबह 5:45 बजे खंदौली में हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में पाया काबू; 5 किमी तक लगा जाम, बाइक सवार दो युवक भी झुलसे

आगरा / खंदौली।आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार की सुबह ने दो घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए। खंदौली थाना क्षेत्र में गिट्टी लदे डंपर और फ्रोजन मटर लदे कंटेनर की टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर के साथ ही दोनों वाहन आग का गोला बन गए। चीख-पुकार मच गई, लेकिन डंपर में फंसे चालक और क्लीनर खुद को बचा नहीं सके। दोनों जिंदा जल गए।

जब फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, तो अंदर का मंजर रोंगटे खड़ा करने वाला था। दोनों शव ड्राइवर सीट से चिपके हुए थे, मांस पूरी तरह जल चुका था, कंकाल भर बचा था।

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि डंपर चालक को झपकी आ गई थी। अलीगढ़ से आगरा जा रहा डंपर अचानक दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रहे कंटेनर से भिड़ गया। पीछे चल रहे बाइक सवार सुमित सिंह और सीटू भी डंपर में जा घुसे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

कंटेनर चालक शिवराम (निवासी मुबारकपुर, फतेहाबाद) ने बताया, “मैं चंदौसी से गुजरात जा रहा था। अचानक डंपर सामने आ गया। मैंने ब्रेक मारकर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई। आग लगते ही मैं कूद गया, नहीं तो मैं भी…”

कौन थे मृतक?

मृतक आकाश (25) और करुआ (24), दोनों धौलपुर के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका गांव के रहने वाले थे। परिवार में कोहराम मचा है।

5 किमी लंबा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर जले हुए वाहनों को किनारे कराया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *