P Sharma
हरदोई के बिलग्राम कोतवाली के कोइलरा गांव की घटना, आरोपी पति तमंचे समेत गिरफ्तार, हत्या की धारा बढ़ाएगी पुलिस
हरदोई। घरेलू विवाद ने एक और सुहाग उजाड़ दिया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलरा गांव में पति की गोली से घायल हुई महिला आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। लखनऊ में 4 दिन तक मौत से लड़ने के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह कोइलरा गांव निवासी गंभीर यादव ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी साधना (35) के सीने में बायीं ओर तमंचे से गोली मार दी थी। गोली की आवाज सुनकर दूसरे मकान में रहने वाले पिता राजकुमार, मां सीमा और बहन रीना मौके पर पहुंचे। लहूलुहान साधना को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया था।
15 साल पहले हुई थी शादी, 3 बच्चे हैं
साधना की शादी करीब 15 साल पहले गंभीर यादव से हुई थी। दंपती के दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद मृतका के पिता जयचंद निवासी भैरमपुर, थाना नैमिषारण्य, सीतापुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गंभीर यादव के खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
अब हत्या में बदलेगा केस
कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। फिलहाल आरोपी जेल में है और विवेचना जारी है।

