P Sharma
कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, बहू निकली बेगुनाह, सगा बेटा निकला मास्टरमाइंड
*कानपुर।* 5 सितंबर को केशवपुरम स्थित रतन ऑर्बिट (फ्लैट नंबर सी-104) में हुए चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा बेटा *सुब्रत* निकला। पुलिस के आमने-सामने कराने पर बेटा टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
*कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल* ने बताया कि पुलिस ने पहले बहू शालू, पूर्व नौकर विशाल गौतम और राजकिशोर को गिरफ्तार किया था। बेटा सुब्रत शुरू से ही शक के घेरे में था। जब तीनों को रिमांड पर लेकर सुब्रत से आमना-सामना कराया गया तो पूरी साजिश खुल गई।
*बेटे ने कहा – पिता चरित्रहीन थे*
पूछताछ में सुब्रत ने बताया – *”मेरे पापा अय्याश थे। उनके कई महिलाओं से संबंध थे। वे उन पर लाखों रुपये लुटाते थे और उनकी तस्वीरें मुझे दिखाते थे। मुझे महीने में सिर्फ 40 हजार रुपये देते थे।”* इसी वजह से उसकी मां भी अलग होकर गाजियाबाद में रहती थी।
*संपत्ति छिन जाने का डर और दुकान में चोरी*
सुब्रत को डर था कि पिता किसी महिला मित्र से शादी कर सारी संपत्ति उसके नाम कर देंगे। 40 हजार में गुजारा नहीं होने से वह कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी ही दुकान में 7-8 बार चोरी की। महंगी दवाएं नौकर विशाल के जरिए बाजार में बिकवाता था। पिता ने विशाल को फटकारा तो विशाल भी खुन्नस खाने लगा।
*3 महीने पहले रची थी साजिश, CCTV के तार काटे*
सुब्रत ने 3 महीने पहले ही पिता को मारने की योजना बनाई थी। पहले एक्सीडेंट में मारने का प्लान था, फिर घर में ही मारने का मास्टर प्लान बना। प्लान के तहत विशाल ने पड़ोस के CCTV के तार काटे, फ्लैट में घुसकर सुब्रत के कमरे में छिप गया। रात में गहरी नींद में एक ने हाथ-पैर पकड़े और दूसरे ने तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी।
*”मेरी पत्नी बेगुनाह है”*
पुलिस के सामने सुब्रत ने कहा – *”मैंने ही अपने नौकर को पिता की सुपारी दी थी, इसमें मेरी पत्नी शालू पूरी तरह बेगुनाह है। मास्टरमाइंड मैं हूं।”* इस खुलासे के बाद कारोबारी जगत में सनसनी फैल गई है।

