P Sharma
मच्छरों के बीच कटी रात, बोले- नींद पूरी नहीं तो पेपर कैसे दें
गोरखपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 देने गोरखपुर पहुंचे अभ्यर्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से अभ्यर्थी गेट पर लटक कर सफर करने को मजबूर हैं, वहीं रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त व्यवस्था न होने से कई परीक्षार्थियों को बाहर जमीन पर रात गुजारनी पड़ी।
शनिवार रात गोरखपुर जंक्शन पर हजारों की संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। महराजगंज से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि ट्रेन में खड़े होने तक की जगह नहीं थी। बनारस से आए जैकेस ने भी भीड़ और गंदगी की शिकायत की।
बलिया से आए राधेश्याम शर्मा ने कहा कि स्टेशन पर मच्छरों के कारण सोना मुश्किल है और सुबह पाली में परीक्षा है, नींद पूरी नहीं होगी तो पेपर कैसे देंगे। गाजीपुर के राम आशीष यादव ने बताया कि प्रयागराज से गोरखपुर तक धक्का-मुक्की के बीच सफर किया, स्टेशन पर भी बैठने तक की जगह नहीं मिली।
इधर, पूर्वोत्तर रेलवे के CPRO सुमित कुमार का कहना है कि अभ्यर्थियों के लिए पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है और वार रूम से निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
गोरखपुर में 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को PET होनी है, जिसके लिए जिले में 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर जीआरपी, आरपीएफ और पुलिस की टीमें तैनात हैं।

