P Sharma
मिर्जापुर/चुनार। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने यूपी की राजनीति में बड़ा दांव खेल दिया है। चुनार में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने ऐलान किया कि उनकी नवगठित पार्टी ‘जन नीति भारत’ आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी का मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि ‘जनता का राज’ स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में जनता के मुद्दे अनसुने रह जाते हैं, लेकिन ‘जन नीति भारत’ हर नागरिक को निर्णय प्रक्रिया से जोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिना भेदभाव के किसान, युवा, व्यापारी और महिलाओं की आवाज बनेगी और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करेगी।
गौरतलब है कि 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रही दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखा है। वह मिर्जापुर, देवरिया और संत कबीर नगर में डीएम के तौर पर तैनात रह चुकी हैं और एक तेजतर्रार व लोकप्रिय अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। उनके इस ऐलान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

