रायबरेली:निजी स्कूल बस चालक ने किया हैवानियत,कक्षा 3 में पढ़ने वाली छात्रा के साथ किया दुष्कर्म

रायबरेली ।एरिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें 11 वर्षीय छात्रा के साथ बस चालक ने हैवानियत की। महराजगंज के एक निजी स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ने वाली इस छात्रा ने बुधवार सुबह स्कूल जाने से इनकार कर दिया। जब परिजनों ने कारण पूछा, तो वह रोने लगी और बताया कि शनिवार को स्कूल के बाद जब वह घर लौट रही थी, तो बस चालक ने उसे रास्ते में शारदा नहर पुल के पास सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। जब उसने शोर मचाया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद छात्रा के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कोडरा गांव निवासी धीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। जैसे ही यह घटना अभिभावकों तक पहुंची, उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए जिलेभर में प्राइवेट स्कूलों द्वारा चलाए जा रहे वाहनों के चालकों और क्लीनरों का सत्यापन करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने एआरटीओ कार्यालय से स्कूल वाहनों के पंजीकरण का डाटा भी मांगा है, ताकि वाहनों के चालक और क्लीनरों का सत्यापन किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे सभी स्कूल बस चालकों और क्लीनरों के घर-घर जाकर उनके आईडी डॉक्यूमेंट्स और आपराधिक इतिहास की जांच करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *