P Sharma
*गोंडा।* सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में बुधवार को मनोविज्ञान विभाग द्वारा सकारात्मक मनोविज्ञान विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एलबीएस पीजी कॉलेज गोंडा की मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. ममता शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग की छात्राओं ने सकारात्मक मनोविज्ञान के विषयों आशा, क्षमा, करुणा, कृतज्ञता, सकारात्मक सोच आदि पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत ने मुख्य अतिथि डॉ. ममता शर्मा को बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कर्म और विश्वास पर बल दिया तथा छात्राओं को अहं (आई फैक्टर) से दूर रहने की सलाह दी।
प्रतियोगिता में 14 छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रथम स्थान श्रेया मिश्रा, द्वितीय स्थान यशी श्रीवास्तव तथा तृतीय स्थान कनीज फातिमा ने प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. ममता शर्मा तथा डॉ. सीमा श्रीवास्तव रहीं। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा मनोविज्ञान विभाग की श्रीमती कंचनलता पांडेय द्वारा बनाई गई। विभाग की प्रवक्ता डॉ. साधना गुप्ता एवं डॉ. विमला के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ। डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि यदि जीवनशैली सकारात्मक हो तो जीवन सुखमय व सरल हो सकता है।
कार्यक्रम का समापन ज्ञानस्थली गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, अनु उपाध्याय, सुनीता मिश्रा आदि उपस्थित रहीं।

