P Sharma
खरीदार ने कम उम्र दिखने को कराया हेयर ट्रांसप्लांट, ऑटो चालक ने भी स्टेशन पर बनाया शिकार
*वाराणसी।* सारनाथ थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने महज 16 हजार रुपये और 10 साड़ियों के लालच में अपनी 12 साल की मासूम बेटी को बेच दिया। इसके बाद बच्ची से खरीदार और एक ऑटो चालक ने दुष्कर्म किया। सारनाथ पुलिस ने आरोपी मां समेत तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
*16 हजार और साड़ियों में हुआ सौदा*
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार की रहने वाली महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को चंदौली निवासी 40 वर्षीय लहरू यादव उर्फ राकेश को बेच दिया। सौदे में आरोपी ने मां को 16 हजार रुपये नकद और 10 साड़ियां दीं।
*हेयर ट्रांसप्लांट कराकर रचाई शादी*
आरोपी लहरू यादव दो बच्चों का पिता है। कम उम्र का दिखने के लिए उसने हेयर ट्रांसप्लांट कराया था। आरोप है कि उसने बच्ची से जबरन शादी कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया।
*स्टेशन पर छोड़ने के बाद ऑटो चालक ने भी किया शोषण*
कुछ दिन बाद लहरू बच्ची को बनारस रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। स्टेशन पर रो रही बच्ची को रवि नाम के ऑटो चालक ने मदद का झांसा देकर ऑटो में बिठाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
*पुलिस की कार्रवाई*
किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर बच्ची पुलिस के पास पहुंची। सारनाथ पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जाल बिछाया और आरोपी मां, लहरू यादव उर्फ राकेश व ऑटो चालक रवि को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

