P Sharma
सीतापुर में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम
*बेटे को बचाने दौड़े पिता भी बने काल का ग्रास, भागवत कथा में पूजा-पाठ कर पिता का हाथ बंटाता था 17 वर्षीय पीयूष*
*सीतापुर।* सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसहिया गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बिजली का करंट लगने से पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 56 वर्षीय गीतेश मिश्रा और उनके 17 वर्षीय पुत्र पीयूष मिश्रा के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि घर के सामने लगे पाकड़ के पेड़ के पास से एलटी (LT) विद्युत लाइन गुजर रही है। रविवार को एक बंदर ने पेड़ की डाल तोड़ दी थी, जो नीचे गिर गई थी। डाल को उठाने के लिए जब 17 वर्षीय पीयूष पेड़ के पास पहुंचा तो वह अचानक एलटी लाइन से फैले विद्युत करंट की चपेट में आ गया और तड़पने लगा।
बेटे को तड़पता देख पिता गीतेश मिश्रा उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले गई, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, पीयूष दो भाइयों में बड़ा था और भागवत कथा समेत अन्य धार्मिक आयोजनों में पूजा-पाठ कर परिवार की आजीविका में पिता का हाथ बंटाता था। पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

