P Sharma
*बोलीं- रात 12:30 बजे रूसी पुलिस ले गई पति को, डर है जबरन भेज देंगे सेना में, 10 साल के बच्चे के साथ मॉस्को में अकेली हूं*
*कानपुर / मॉस्को।* रूस में वर्क वीजा पर इंजीनियर की नौकरी करने गए कानपुर के चंदन गुप्ता को रूसी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।
स्नेहा गुप्ता ने अपने वीडियो संदेश में बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे रूसी पुलिस उनके पति चंदन को घर से अपने साथ ले गई। बाद में उन्हें पता चला कि चंदन को जेल में रखा गया है।
स्नेहा का आरोप है कि उनके पति ने ऐसा कोई काम नहीं किया था, जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया जाए। उन्होंने कहा, “मेरे पति ने कोई गलत काम नहीं किया है, फिर भी पुलिस उन्हें ले गई। मुझे डर है कि कहीं मेरे पति को जबरदस्ती रूसी सेना में न भेज दिया जाए। यहां लोगों को जबरदस्ती सेना में भेजे जाने की बातें सामने आ रही हैं।”
स्नेहा ने बताया कि वह इस समय अपने 10 साल के बच्चे के साथ मॉस्को में अकेली हैं। उन्हें रूसी भाषा भी नहीं आती, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। पति की सुरक्षित वापसी के लिए उन्होंने भारतीय दूतावास से भी मदद की अपील की है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि उनकी बात सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके और उनके पति सकुशल घर लौट सकें।

