फर्स्ट AC कूपे में 75 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ी गई युवती, शादी का बताया झूठा बहाना

P Sharma 

*Why are you knocking on the door so loudly? नेहा की अंग्रेजी भी नहीं आई काम*

*समस्तीपुर।* नई दिल्ली से दरभंगा जा रही 12565 बिहार संपर्क क्रांति स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट AC कूपे में शराब तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 1100 किलोमीटर का सफर तय कर समस्तीपुर पहुंची एक युवती की होशियारी और अंग्रेजी की धौंस भी काम नहीं आई और रेल पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कूपे से बिना टिकट यात्रा कर रही नेहा झा और उसके बहन के देवर ईशान कुमार को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि चेकिंग के दौरान दरवाजा खटखटाने पर आरोपी युवती ने अंग्रेजी में कहा- *”Why are you knocking on the door so loudly?”* और पुलिस पर रौब जमाने का प्रयास किया।

लेकिन पुलिस टीम ने बिना दबाव में आए कूपे की तलाशी ली तो पूरा खेल खुल गया। तलाशी के दौरान कूपे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

*शादी वाला बहाना निकला झूठा*

शुरुआती पूछताछ में नेहा ने पुलिस को बताया कि घर में शादी फंक्शन है, इसलिए वह शराब हरियाणा से दरभंगा ले जा रही थी। लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में शादी वाली बात पूरी तरह झूठी निकली। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती का परिवार पहले से ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा है और वह उसी नेटवर्क को आगे बढ़ा रही थी।

*मोबाइल में मिले डॉक्टरों और कारोबारियों के नंबर*

पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। नेहा के मोबाइल से दरभंगा के कई नामी डॉक्टरों और बड़े कारोबारियों के नंबर मिले हैं। अब पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि शराब की इस बड़ी खेप का असली रिसीवर कौन था और इसे कहां डिलीवर किया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *