
लखनऊ,सरकारी भूखंडों पर कब्जे रोकने के लिए शिलापट लगाए जाएंगे। शिलापट पर भूमि का प्रकार, भूमि की श्रेणी, रकबा, ग्राम सभा और गाटा संख्या अंकित की जाएगी। इस संदर्भ में श्रावस्ती में अभियान शुरू कर दिया गया है। पूरे जिले में 397 ग्राम पंचायतों में स्थित सरकारी भूखंड चिह्नित कर शिलापट लगाए जा हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सत्ता संभालते ही भूमाफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर सरकारी भूखंडों को कब्जा मुक्त करने के निर्देश दिए थे। अभी तक प्रदेश में भूमाफियाओं के कब्जे से 68,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है।
शिलापट पर क्या लिखा जाएगा?
कब्जा मुक्त भूखंडों पर दोबारा कब्जा न हो इसके लिए श्रावस्ती के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने उस पर शिलापट लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। शिलापट पर भूमि की श्रेणी, रकबा, ग्राम सभा और गाटा संख्या के साथ यह सूचना अंकित की जा रही है कि संबंधित भूखंड सरकारी स्वामित्व में है।
उन्होंने बताया कि श्रावस्ती की तीन तहसीलों इकौना, जमुनहा और भिनगा में कुल सरकारी गाटों की संख्या 1,49,239 है। इन गाटों का कुल क्षेत्रफल 26650.8177 हेक्टे यर है। सरकारी भूमि पर लगा शिलापट हटाने का कोई प्रयास करता है या फिर भूमि के साथ छेड़छाड़ व कब्जे का प्रयास करता है तो संबंधित के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। जल्द ही इस अभियान को प्रदेश के अन्य जिलों में भी शुरू किया जाएगा।

