- कुशीनगर में तेज रफ्तार ऑटो पीछे से ट्रक में घुस गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। 5 गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो सवार बिहार के वाल्मीकि नगर के मदनपुर मंदिर में दर्शन करने गए थे। गुरुवार सुबह वहां से लौट रहे थे, तभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मथौली में हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह पिचक गया। लोग छिटककर सड़क पर गिर पड़े। किसी का हाथ टूट गया तो किसी का सिर फट गया। कई लोग ऑटो में ही फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला।

ऑटो सवार सभी लोग कुशीनगर के हाटा के रहने वाले हैं। बुधवार को वे ट्रेन से बिहार के वाल्मीकि नगर के मदनपुर मंदिर गए थे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुरुवार सुबह 4 बजे वे ट्रेन से कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से ऑटो बुक कर घर लौट रहे थे।
रास्ते में मथौली में किसान इंटर कॉलेज के पास ऑटो चालक को झपकी आ गई, जिससे वह ऑटो को संभाल नहीं पाया। ऑटो सीधे ट्रक में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। हादसे में मरने वालों की पहचान मंसा चौहान (40), कांता (65) और अवधेश के रूप में हुई है, जबकि ऑटो चालक गगन, कला श्री देवी, रामभवन प्रजापति, दिवाकर चौहान और देवी घायल हैं।

