P Sharma
*7.93 लाख फॉलोअर्स वाले इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की थी पत्नी; 9 महीने पहले हुई थी शादी, कार की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप*
*लखनऊ।* राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नवविवाहिता मानसी का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कानपुर के बाबूपुरवा कोतवाली क्षेत्र के टीपी नगर बगाही निवासी सुनील वर्मा ने अपनी भतीजी मानसी की शादी 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत से की थी। सागर खुद भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और उसके इंस्टाग्राम पर 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं। मानसी भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम मानसी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची सआदतगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
*मायके पक्ष का आरोप:*
मृतका के चाचा सुनील वर्मा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही सागर और उसके घरवाले कार की मांग को लेकर मानसी को प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार पैसे भी लिए गए। सुनील वर्मा ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
*पुलिस का बयान:*
सआदतगंज थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिर भी मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पति सागर राजपूत से पूछताछ की जा रही है।
*इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट:*
मानसी ने मौत से कुछ घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। उसके अकाउंट पर भी लाखों फॉलोअर्स हैं। अचानक हुई मौत से सोशल मीडिया पर भी शोक की लहर है। फॉलोअर्स CBI जांच की मांग कर रहे हैं।
9 महीने में उजड़ा संसार
9 दिसंबर 2024 को धूमधाम से हुई थी शादी। सोशल मीडिया पर कपल की रील्स खूब वायरल होती थीं। फैंस इन्हें “आइडियल कपल” कहते थे। लेकिन 9 महीने में ही रिश्ते का दुखद अंत हो गया।

