P Sharma
बहू बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी कच्चे कमरे की छत भरभराकर गिरी, मलबे में दबे चारों
कानपुर / पनकी
कानपुर में दिवाली की सुबह घर की छत गिरने से परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह अचानक एक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। मलबे में सास, बेटा, बहू और 20 दिन का पोता दब गया।
चीख-पुकार सुनकर दूसरे कमरों से परिजन दौड़कर आए। आसपास के लोगों की मदद से मलबा हटाया। चारों को बाहर निकालकर कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने विनोदनी शुक्ला (60), अंशिका शुक्ला (28) और आरव शुक्ला (20 दिन) को मृत घोषित कर दिया। हर्ष शुक्ला (32) को हल्की चोट लगी है।
हादसा पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में सुबह साढ़े 8 से 9 बजे के बीच हुआ। हर्ष के रिश्तेदार ने बताया कि हादसे के वक्त चारों लोग कच्चे कमरे में बैठे थे। बहू अपने बच्चे को दूध पिला रही थी।
मातम में बदली दिवाली
जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां एक ही पल में मातम पसर गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबा हटाने का काम पूरा कराया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

