गोंडा:सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो में सेंट जेवियर्स के खिलाड़ियों का जलवा, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

P Sharma 

*गोंडा।* सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन बीएमजी पब्लिक स्कूल, सुरियावां (भदोही) में किया गया। प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल, गोंडा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय व जनपद का नाम रोशन किया।

विद्यालय के अंकुर आर्य ने अंडर-17 आयु वर्ग के अंडर-45 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, पानीपत (हरियाणा) में होगा। वहीं अंडर-14 आयु वर्ग के 41 किग्रा भार वर्ग में आदर्श कुमार ने कांस्य पदक और अंडर-17 आयु वर्ग के अंडर-52 किग्रा भार वर्ग में जानवी मिश्रा ने कांस्य पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंकुर आर्य को 2500 रुपये नगद व मेडल, आदर्श कुमार को 1100 रुपये व मेडल और जानवी मिश्रा को 1100 रुपये व मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अगस्त माह में लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के विजेता आदित्य दीप पाण्डेय (स्वर्ण पदक) और सारांश राकेश भोंगाडे (कांस्य पदक) को भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय की प्रबंधक सुजैन दत्ता ने कहा कि जीत-हार अलग विषय है, सबसे महत्वपूर्ण है खेलना। खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है और खेल से ही सशक्त भारत की परिकल्पना की जा सकती है। प्रधानाचार्या पायल दुबे ने खिलाड़ियों व उनके प्रशिक्षक प्रत्यूष राज की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी विजेताओं को विद्यालय द्वारा प्रदान की गई नगद धनराशि का चेक व मेडल पहनाकर उत्साहवर्धन किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *