P Sharma
*पत्थर से हमले में घायल होने के बावजूद नहीं छोड़ा आरोपी, पुलिस कमिश्नर ने 10 हजार के इनाम की घोषणा की*
लखनऊ। रक्षाबंधन के दिन अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। मड़ियांव ढाल पर तैनात आरक्षी नवीन ने चेन स्नैचिंग कर भाग रहे बदमाश को दौड़ाकर दबोच लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी भागने के लिए आरक्षी के चेहरे पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे आरक्षी की नाक पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घायल अवस्था में भी आरक्षी ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी को कसकर पकड़े रखा। बाद में उसे थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घायल आरक्षी को तत्काल हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां नाक पर दो टांके लगाए गए। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर है।
आरक्षी के इस जज्बे को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने उन्हें 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की है। साथ ही वीरता के लिए कमेंडेशन डिस्क के लिए भी उनका नाम शासन को प्रस्तावित किया गया है।

