P Sharma
*गोंडा, 03 सितंबर 2026।* रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंडा ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और तत्परता का परिचय दिया है। ट्रेन में छूटा एक यात्री का कीमती सामान सुरक्षित उसके मालिक को लौटा दिया गया, जिसके बाद यात्री ने आरपीएफ जवानों का आभार जताया।
मामला दिनांक 03.09.26 का है। पोस्ट पर सहायक उप निरीक्षक राम दत्त प्रसाद दिवस अधिकारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक व्यक्ति पोस्ट पर उपस्थित हुआ, जिसने अपना नाम उपेंद्र मौर्य पुत्र डी.बी. मौर्य, ग्राम मोहम्मदपुर बारिया, थाना हलधरपुर, जिला मऊ (उम्र 26 वर्ष) बताया।
उपेंद्र मौर्य ने बताया कि वह दिनांक 02.09.26 को गाड़ी संख्या 11123 के कोच संख्या B-3 के बर्थ नंबर 31 पर कानपुर से लखनऊ तक यात्रा कर रहा था। लखनऊ में उतरने के दौरान उसका एक गत्ता बर्थ पर ही छूट गया था। जिसकी शिकायत उसने रेल हेल्पलाइन नंबर 139 पर की थी। वहां से उसे बताया गया कि उसका सामान उतार कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंडा पर सुरक्षित रखा गया है।
बताते चलें कि दिनांक 02.09.26 को ही मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, लखनऊ से प्राप्त सूचना पर उक्त गत्ते को ट्रेन से उतार कर रोजनामचा लेखक के चार्ज में सुरक्षित रखा गया था।
दिनांक 03.09.26 को रोजनामचा लेखक से सामान प्राप्त कर उपेंद्र मौर्य के समक्ष चेक कराया गया, जिसमें 14 पैकेट इलेक्ट्रॉनिक सामान था, जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई। आधार कार्ड और टिकट की छाया प्रति प्राप्त कर गवाहों के समक्ष उक्त सामान को सही-सलामत यात्री के सुपुर्द किया गया।
अपना सामान सकुशल वापस पाकर यात्री ने गोंडा आरपीएफ पोस्ट के जवानों का धन्यवाद किया।

