P Sharma
*गोंडा, 03 सितंबर 2026।* मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में अव्यवस्था और लापरवाही मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मत्स्य, पशुपालन, ग्रामीण अभियंत्रण, पंचायती राज, जल जीवन मिशन, भूमि संरक्षण, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों की जांच की गई। इस दौरान कुल 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि परियोजना अधिकारी डूडा का पूरा कार्यालय ही खाली मिला।
सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय आने और अनुशासन बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान विकास भवन के शौचालयों में गंदगी, गैलरी में खराब प्रकाश व्यवस्था और बरामदे में रखी जर्जर अलमारियों को लेकर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि विकास भवन में आने वाले आम लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम-रोजगार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

