P Sharma
*गोंडा, 03 सितंबर 2026।* कजरी तीज पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात प्लान जारी किया है। 13 और 14 सितंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व पर इस बार 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं और कांवरियों के आने की संभावना है। श्रद्धालु करनैलगंज स्थित सरयू घाट से जल लेकर कटरा-कौड़िया मार्ग से पृथ्वीनाथ मंदिर और करनैलगंज-बालपुर मार्ग से दुखहरणनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
इसे देखते हुए 12 सितंबर दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर सुबह 8 बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
*ये मार्ग रहेंगे पूरी तरह बंद -*
बड़गांव चौराहा, गुरु नानक चौराहा और अंबेडकर चौराहा से करनैलगंज की ओर जाने वाले सभी मार्ग श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा सरयू घाट करनैलगंज से गोंडा-बड़गांव, करनैलगंज से आर्यनगर और खरगूपुर से आर्यनगर मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
*भारी वाहनों के लिए प्लान -*
जिला मुख्यालय में उक्त अवधि में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
– बाराबंकी से बलरामपुर जाने वाले भारी वाहन जरवल रोड-कैसरगंज-पयागपुर-श्रावस्ती होते हुए जाएंगे।
– बहराइच से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-डुमरियागंज-बस्ती मार्ग से भेजे जाएंगे।
– अयोध्या से बहराइच/बलरामपुर जाने वाले वाहन बस्ती-डुमरियागंज-उतरौला-बलरामपुर-श्रावस्ती मार्ग से जाएंगे।
*हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट -*
– लखनऊ/बाराबंकी से गोंडा आने वाले हल्के वाहन जरवल रोड-भंभुआ-भौरीगंज-परसपुर-डेहरास होते हुए आएंगे। वैकल्पिक रूप से अयोध्या-लोलपुर मार्ग भी खुला रहेगा।
– गोंडा से लखनऊ जाने वाले वाहन नवाबगंज-अयोध्या होते हुए जाएंगे।
– बहराइच/बलरामपुर से अयोध्या जाने वाले वाहन श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-मनकापुर-कोल्हमपुर-लोलपुर (नवाबगंज) मार्ग का प्रयोग करेंगे।
जिलाधिकारी ने आमजन, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि तय डायवर्जन का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

