गोंडा:ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई, रेल संपत्ति चोर गिरोह का पर्दाफाश

P Sharma 

37 हजार की रेल केबल के साथ दो चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, पिकअप जब्त

*गोंडा।* वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत सीआईबी, आरपीएफ पोस्ट गोंडा और थाना कोतवाली नगर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने रेल संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गोंडा रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड स्थित आरओएच भवन के पास से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 132 मीटर रेल केबल और केबल काटने वाला कटर बरामद हुआ है। बरामद रेल संपत्ति की कीमत करीब 37,000 रुपये आंकी गई है। चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 43 BT 9550 को भी जब्त कर लिया गया है।

*पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर*

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान
1. राज सिंह उर्फ हिमांशु सिंह (22) पुत्र राज बहादुर सिंह, निवासी आजाद नगर कोल्ड स्टोर के पास, थाना कोतवाली नगर
2. विष्णु यादव (19) पुत्र देवीदीन यादव, निवासी कन्सापुर, कोतवाली नगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पैसों के लिए छुप-छुपकर रेल संपत्ति की चोरी करते थे।

*दो फरार आरोपियों की तलाश जारी*

इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है-
1. रोहित निवासी पन्ना होटल के पास, बहराइच रोड, मिश्रौलिया
2. अमन अहमद निवासी आसरा आवास कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज के पास

संयुक्त टीम ने सभी के विरुद्ध थाना आरपीएफ गोंडा में मु.अ.सं. 09/26 धारा 3 रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक विमल कुमार सिंह करेंगे।

गिरफ्तारी टीम में सीआईबी से उपनिरीक्षक लाल साहब सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल बब्लू कुमार सिंह, आरपीएफ से प्रमोद कुमार तिवारी, सोनू कुमार गुप्ता, रवि कुमार जैसल तथा कोतवाली पुलिस से अरुण कुमार सिंह और ज्ञानेन्द्र वर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *