गोंडा:11मई को तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन,जनप्रतिनिधि,अधिकारी और समाज के सभी वर्ग लेंगे भाग

Pramod Sharma 

माननीय मुख्यमंत्री की अपील पर तिरंगा यात्रा में भाग लेंगे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाज के सभी वर्ग

तिरंगा यात्रा में पीएसी बैण्ड समेत विभिन्न संस्थाओं की होगी भागीदारी

जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों पर तिरंगा यात्रा का आयोजन

गोण्डा: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार, 11 मई 2025 को जनपद गोण्डा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा माननीय मुख्यमंत्री जी के आदेशानुसार सशस्त्र बलों के समर्थन में आयोजित की जाएगी और इसका आयोजन जनपद मुख्यालय पर तथा सभी तहसील मुख्यालयों पर किया जाएगा। यात्रा का प्रारंभ पूर्वाहन 8:30 बजे होगा और यात्रा का समापन गांधी पार्क में किया जाएगा।

इस यात्रा में विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसमें जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, इण्टरमीडिएट और डिग्री कालेज के छात्र/छात्राओं, सिविल डिफेंस के सदस्यगण, एनसीसी, एनएसएस के कैडेट्स, रेड क्रॉस, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, उद्योग व्यापार मण्डल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी और सदस्यगण, पूर्व सैनिक, मीडिया बन्धु और समाज के अन्य वर्ग शामिल होंगे।

पीएसी बैण्ड की उपस्थिति भी यात्रा में रहेगी, जो आयोजन को और भी खास बनाएगा। सभी प्रतिभागी गुरूनानक चौक पर प्रातः 8:00 बजे एकत्रित होंगे और यात्रा का समापन गांधी पार्क में होगा।

अपर जिलाधिकारी को जनपद मुख्यालय पर इस तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए नामित किया गया है। तहसील मुख्यालयों पर यह कार्यक्रम संबंधित उप जिलाधिकारियों के निर्देशन में सम्पन्न किया जाएगा।

नगर मजिस्ट्रेट गोण्डा तथा उप जिलाधिकारी तरबगंज, करनैलगंज और मनकापुर को माननीय जनप्रतिनिधियों को समय से आमंत्रित करने का जिम्मा सौंपा गया है, ताकि यह यात्रा सभी वर्गों की भागीदारी से सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सभी अधिकारियों और संस्थाओं से सहयोग की अपील की है और सभी को यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *