P Sharma
कोटला चुंगी पर खूनी वारदात: पत्नी को 4, प्रेमी को 2 गोलियां मारीं
इंटरनेट कैफे में पत्नी को युवक संग बैठा देख भड़का लाइसेंसी रिवॉल्वर धारी पति; बेटे ने बनाया वीडियो, आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद। कोटला चुंगी चौराहे पर मंगलवार रात करीब 10 बजे दिल दहला देने वाली वारदात हो गई। एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके साथ मौजूद युवक पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में महिला को चार और युवक को दो गोलियां लगीं हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे आरोपी के बेटे ने ही बनाया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषभ तैलंग उर्फ बंटी (40) की पत्नी शिप्रा (35) उससे अलग रह रही थी। मंगलवार रात शिप्रा कोटला चुंगी चौराहे स्थित एक इंटरनेट कैफे पर सनी उर्फ शिवा ठाकुर के साथ बैठी थी। इसी दौरान ऋषभ वहां पहुंच गया। दुकान के अंदर ही दोनों पक्षों में बहस और हाथापाई हो गई।
विवाद बढ़ने पर ऋषभ दुकान से बाहर आया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। उसने पहले सनी पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही सनी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद जान बचाकर भाग रही शिप्रा का पीछा कर उस पर भी फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने शटर गिरा दिए।
*बेटा रोकता रहा, पिता मानता नहीं*
सामने आए वीडियो में आरोपी का बेटा अपने पिता को गोली चलाने से रोकने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन आरोपी नहीं माना और फायरिंग करता रहा। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर व कारतूस बरामद किए हैं।
*दोनों की हालत गंभीर*
घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक शिप्रा को बाएं कंधे, पेट और पसली में गोलियां लगी हैं, जबकि सनी को सीने और पसली के नीचे गोली लगी है।
पुलिस ने आरोपी ऋषभ तैलंग को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

