Pramod Sharma
नवाबगंज (गोण्डा) कस्बे के शुगर मिल के पास बढई पुरवा वार्ड में एक विवाहित महिला का शव उसके कमरे मे फंदे से लटकता हुआ मिला। पति के सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया की समूह से लिए कर्ज और उसके किश्त के अदायगी को लेकर पति और पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
बढई पुरवा के निवासी संदीप पुत्र प्रहलाद का विवाह करीब 18 साल पहले बस्ती जिले के पैकोलिया थानाक्षेत्र के बसहा की रहने वाली ममता के साथ हुआ था। मृतका के एक 09 वर्ष बेटा युवराज का और पांच वर्ष की बेटी महक भी है। पति संदीप बढईगीरी का काम करता है। रोज की तरह सोमवार को भी वह घर से अपने काम पर चला गया। वहीं घर पर जब उसकी पत्नी काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नही निकली तो संदीप की 19 वर्षीय बहन सोनम करीब 4 बजे कमरे में गई तो ममता का शव छत के हुक से बंधे दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ दिखा। घटना की सूचना पर मौके पर पंहुची पुलिस ने पति संदीप के फौती सूचना के अधार पर शव को पीएम के लिए रवाना कर दिया। मृतका के मायके वाले को घटना की सूचना पङोस में ही ब्याही मृतका की बहन नीरज के द्वारा दी गई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया की शव का पीएम कराया जा रहा है।

