P Sharma
*स्विफ्ट डिजायर कार से केबल काटकर ले जा रहे थे आरोपी, एक फरार; नशे के लिए की चोरी*
*मनकापुर (गोंडा), 07 जून 2026:*
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मनकापुर की टीम ने शनिवार तड़के रेलवे की सिग्नल केबल चोरी करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 101 मीटर सिग्नल केबल बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 37 हजार रुपये आंकी गई है।
RPF के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ अरुण त्रिपाठी व सहायक सुरक्षा आयुक्त गोंडा एमपी दुबे के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोहम्मद शमीम खां की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनकापुर-झिलाही के बीच किमी 631/17-19 के पास छापा मारा।
आरोपी अप लाइन के किनारे फेंसिंग के पास से 6 क्वाड सिग्नल केबल के 10 बंडल व 12 कोर सिग्नल केबल के 2 बंडल कटर से काटकर स्विफ्ट डिजायर कार UP43BD3096 में लाद रहे थे। मौके से आशीष कुमार शर्मा (36), दीपक विश्वकर्मा (24), सूरज चतुर्वेदी (20), मो. जावेद (24) व रहमान (18) सभी निवासी गोंडा को सुबह 3:00 से 3:25 के बीच गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। पैसे की जरूरत के चलते रात में केबल चुराकर कबाड़ियों को बेचने की फिराक में थे। इस दौरान एक आरोपी अब्दुल खान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
RPF पोस्ट मनकापुर में सभी के खिलाफ मु.अ.सं. 03/2026 धारा 3 रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच चौकी प्रभारी कटरा उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश चौबे कर रहे हैं। पोस्ट से घटनास्थल की दूरी 3.5 किमी है।

