मनकापुर में रेलवे सिग्नल केबल चोरी करते 5 चोर गिरफ्तार, 101 मीटर केबल बरामद, कार जब्त

गोंडा। रेल संपत्ति चोरी करने वालों पर रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर मनकापुर-झिलाही के बीच किमी 631/17-19 पर अप लाइन के पास फेंसिंग के बगल से सिग्नल केबल काटकर ले जा रहे 5 आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया गया।
रे.सु.ब. पोस्ट मनकापुर के उ.नि. मोहम्मद शमीम खां, स.उ.नि. अनिरुद्ध कुमार, स.उ.नि. देवी बक्स सिंह व अन्य स्टाफ ने 7 जून 2026 की रात 3:00 से 3:25 बजे के बीच दबिश दी। आरोपियों के पास से 6 क्वाड सिग्नल केबल के 10 बंडल और 12 कोर सिग्नल केबल के 2 बंडल बरामद हुए। कुल लंबाई करीब 101 मीटर और अनुमानित कीमत ₹37,000 बताई गई है। केबल काटने में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार UP43BD3096 भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी हैं – आशीष कुमार शर्मा 36 वर्ष निवासी सेमरा दमन, दीपक विश्वकर्मा 24 वर्ष निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी, सूरज चतुर्वेदी 20 वर्ष निवासी मोकलपुर, मो. जावेद 24 वर्ष निवासी बखरवा भदुआ तरहर और रहमान 18 वर्ष निवासी नई बस्ती, सभी थाना नगर/देहात कोतवाली, गोंडा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। खर्च व नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने रात का फायदा उठाकर केबल काटी और किसी कबाड़ी को बेचने वाले थे।
प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ अरुण त्रिपाठी व सहायक सुरक्षा आयुक्त गोंडा एमपी दुबे के आदेश पर रे.सु.ब. पोस्ट मनकापुर पर मु.अ.सं. 03/2026 धारा 3 रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी अब्दुल खान अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मामले की जांच उ.नि. कटरा चौकी सत्य प्रकाश चौबे कर रहे हैं।

