बुलंदशहर:पुलिया से टकराकर कार में लगी आग,5 लोग जिंदा जले,महिला गंभीर रूप से घायल

P Sharma 
यूपी में बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण स्विफ्ट कार पुलिया से टकराकर आग का गोला बन गई। कार सवार ड्राइवर सहित एक ही परिवार के दो बहन और भाई समेत पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक युवती को पुलिस ने जिंदा निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
जहांगीराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह ने बताया कि बदायूं के सहसवान क्षेत्र के खैरपुर बल्ली निवासी परिवार दिल्ली के मालवीय नगर में रहता है। कार सवार 6 लोग सहसवान में शादी समारोह में शामिल होकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के चांदोक दोराहा के समीप अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर बुधवार को सुबह करीब 5:00 बजे ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण स्विफ्ट कार नियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकराकर खाई में पलट गई और कार में आग लग गई।
कार सवार जुबेर पुत्र औशाद अली, तनवीज पुत्र तनवीर, मोमिना पुत्री तनवीर, जेबा उर्फ निदा पुत्री तनवीर, जैनुल पुत्र जुबेर निवासी खैरपुर बल्ली सहसवान बदायूं की कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और गुरनाज पुत्री तनवीर को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। एसडीएम प्रियंका गोयल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने के चलते हादसा हुआ है। स्थानीय पुलिस मौके पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *