P Sharma
कानपुर।चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां की कच्ची बस्ती में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पानी मांगने की बात पर हुए मामूली विवाद में पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर भारी पटरा दे मारा। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के असोथर निवासी करन पासवान (28) काम से लौटने के बाद सुबह लगभग 11:30 बजे घर पहुंचा था। खाना खाने के बाद पानी मांगने को लेकर उसका अपनी पत्नी रीता पासवान (23) से विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि गुस्से में आकर करन ने रीता के सिर पर भारी पटरा फेंककर दे मारा। पटरे के जोरदार वार से रीता लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी।
परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लव मैरिज हुई थी, दो मासूम बच्चे बेसहारा
बताया जाता है कि साल 2022 में दोनों की लव मैरिज हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, एक तीन साल का बेटा और एक महज एक महीने की मासूम बेटी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं इन दोनों मासूम बच्चों के भविष्य और देखरेख को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की कानूनी कार्रवाई के आधार पर मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है।

