हाईवे पर मौत का तांडव! पोल से टकराई कार, पलभर में बनी आग का गोला, 6 लोग जिंदा जले

P Sharma 

मरने वालों में 10 साल का मासूम भी शामिल, सभी हरियाणा के जींद के रहने वाले थे

मुजफ्फरनगर। सोमवार सुबह पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऐसा भयानक मंजर दिखा कि देखने वालों की रूह कांप गई। जागाहेड़ी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे लाइट पोल से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार में भीषण आग लग गई और पलभर में पूरी कार आग के गोले में बदल गई। कार में सवार 6 लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सभी जिंदा जल गए।

पलभर में सब खत्म

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक कार पानीपत-खटीमा हाईवे से गुजर रही थी। जागाहेड़ी के निकट अचानक कार बेकाबू हो गई और लाइट पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार मच गई, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई किसी को बचा नहीं पाया।

हाईवे पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने किसी तरह कार में मौजूद सभी छह लोगों के शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

जींद के थे सभी मृतक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में कार चालक के अलावा 10 से 12 वर्ष की उम्र का एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार बनी काल

पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार ही इस हादसे की वजह बनी। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *