दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, घर से सिर्फ 3 KM दूर नदी में गिरी कार, पति-पत्नी समेत दो बच्चो की मौत

P Sharma 

रायपुर से दिवाली मनाने गांव लौट रहा था परिवार, डेढ़ घंटे का रास्ता तय नहीं कर पाए, एनीकट पर टूटा मिला डिवाइडर

गरियाबंद।दिवाली की रात देशभर से हादसों की कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आईं। ऐसी ही एक घटना छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हुई, जहां एक परिवार के 4 लोगों ने सड़क हादसे में जान गंवा दी। परिवार दिवाली मनाने रायपुर से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन घर से महज 3 किलोमीटर पहले ही उनकी कार महानदी में गिर गई।

रात 11 से 2 बजे के बीच हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बीती रात 11 बजे से लेकर 2 बजे के बीच हुआ। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के राजिम के टीला एनीकट में कार बेकाबू होकर महानदी में गिर गई और कार में सवार सभी 4 लोगों की उसी वक्त मौत हो गई।

मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वाले 4 लोगों में पति-पत्नी और उनके 2 बच्चे शामिल हैं। मृतकों में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) शामिल थे। परिवार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव का रहने वाला था। जो कार नदी में गिरी उस पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था।

भाई ने बताई पूरी कहानी

इस हादसे के बाद शीतल साहू के भाई नीलकमल साहू ने बताया कि रायपुर से जब उनके भाई निकले थे तो उन्होंने फोन करके बताया था। रायपुर से घर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद जब परिवार घर नहीं पहुंचा तो फिर उनकी तलाश के लिए हम निकले। एनीकट के पास पहुंचे तो देखा कि डिवाइडर टूटा हुआ है, जब पानी की तरफ नजर दौड़ाई तो पता चला कि कार नदी में गिरी हुई है।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद पसौद गांव में मातम पसरा हुआ है। दिवाली की खुशियां मनाने निकला परिवार कभी घर नहीं लौट पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर हादसा कैसे हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *