P Sharma
शाहजहांपुर।गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद क्षेत्र में ढका गांव के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। दीपावली मनाकर ग्रेटर नोएडा से अयोध्या लौट रहे परिवार की कार अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में सीए अतुल की 33 वर्षीय पत्नी स्वाती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल और उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में दीपावली मनाने के बाद परिवार अयोध्या स्थित अपने घर लौट रहा था। जलालाबाद क्षेत्र में ढका गांव के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक स्वाती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार दीपावली की खुशियां मनाकर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और लंबी यात्रा के दौरान बीच-बीच में विश्राम करने की अपील की है।

