P Sharma
_वाणिज्य कर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर थीं तैनात, पूर्व सांसद सुशीला सरोज की हैं बेटी
लखनऊ / सीतापुर
लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी अनुपमा सरोज ने अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। वह वाणिज्य कर (GST) विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि अनुपमा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीतापुर की सिधौली सीट से किस्मत आजमा सकती हैं।
अनुपमा सरोज एक मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि से आती हैं। वह समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। राजनीतिक परिवार से होने के कारण उनके इस कदम को सियासी नजरिये से देखा जा रहा है।
नौकरी छोड़ने के बाद से ही सीतापुर और सपा खेमे में चुनावी चर्चाएं गरमा गई हैं। सिधौली सीट पर लंबे समय से राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और अब अनुपमा के नाम के सामने आने से मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, अभी तक अनुपमा सरोज या समाजवादी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन इस्तीफे के बाद से ही उनके समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल सबकी नजरें अनुपमा सरोज के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या वह 2027 के विधानसभा चुनाव में सिधौली से सपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगी।

