P Sharma
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा, हरिद्वार से सरकारी काम से लौट रहे थे दोनों, मेरठ रेफर हुआ घायल साथी
शामली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में नोएडा में तैनात 26 वर्षीय दरोगा वैभव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथी प्रशांत चौहान (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर शामली के गांव लांक के पास रविवार रात करीब 9:15 बजे हुआ।
मृतक वैभव कुमार सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के घसौली गांव के रहने वाले थे। वह नोएडा के सेक्टर-49 थाने में दरोगा के पद पर तैनात थे।
बताया जा रहा है कि रविवार को वैभव अपने दोस्त प्रशांत चौहान के साथ सरकारी काम से हरिद्वार गए थे। प्रशांत नोएडा सेक्टर-49 के छलेरा गांव के रहने वाले हैं। दोनों रात में ही हरिद्वार से नोएडा लौट रहे थे। कार खुद वैभव चला रहे थे।
एक्सप्रेस-वे पर गांव लांक के पास अचानक गाड़ी के सामने नीलगाय आ गई। कार नीलगाय से टकराई, जिससे वैभव गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठे। इसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने वैभव कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रशांत चौहान की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक दरोगा की मौत की खबर से उनके गांव घसौली और नोएडा पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

