डीएम नेहा शर्मा की तत्परता: नागरिक संगम में प्राप्त शिकायत पर हुई त्वरित कार्यवाही

 

 

मनकापुर में खाद्यान्न वितरण की शिकायतों पर आपूर्ति विभाग के विशेष कैंप का कार्यक्रम जारी

 

गोण्डा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में नगर पंचायत मनकापुर में आयोजित ‘नगरिक संगम’ कार्यक्रम के दौरान राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने तत्काल आपूर्ति विभाग की टीम को नगर पंचायत में कैंप लगाकर सभी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देशानुसार 5 और 7 फरवरी 2025 को नगर पंचायत मनकापुर के सभागार में आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शिव प्रकाश और पूर्ति निरीक्षकों को नामित किया गया है, जो निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर राशन कार्ड और खाद्यान्न वितरण से जुड़ी सभी शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी गरीब राशन से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

 

इसके साथ ही उन्होंने खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी का भी आदेश दिया। नगर पंचायत मनकापुर में लगाए जाने वाले इस विशेष शिकायत निस्तारण कैंप में राशन कार्ड से जुड़े मामलों की गुणवत्तापूर्ण सुनवाई की जाएगी और जरूरतमंदों को तुरंत राहत दी जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *