वजीरगंज:रिश्तेदारी से घर वापस लौट रहे पिता पुत्र की शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी। हादसा गोंडा-अयोध्या हाइवे पर वजीरगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक युवक की अभी पांच दिन पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर के रहने वाले कपड़ा व्यवसाई राजेंद्र जायसवाल (45) बेटे सूर्य प्रकाश उर्फ दीपू की पांच दिन पहले शादी हुई थी। शादी के बाद दीपू अपने पिता राजेंद्र जायसवाल के साथ वजीरगंज थाना क्षेत्र के मझारा गांव के रहने वाले अपने मामा के घर भात खाने के लिए गया था। देर रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। गोंडा अयोध्या हाइवे पर सहिबापुर गांव के हथिनाग मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। इस भीषण हादसे में पिता पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी पहचान के बाद मृतक के मामा दीपक जायसवाल को हादसे की सूचना दी। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। शादी की खुशियां मातम में बदल गयी है। परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पिता पुत्र की सड़क हादसे में मौत,पांच दिन पहले हुई थी शादी

