P Sharma
*गोण्डा: स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट से युवक की मौत, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप*
*परीक्षा दिलाने बहन के साथ आया था बहराइच का युवक, बरसात के पानी में डूबे तार से फैला करंट*
*गोण्डा*
गोण्डा में बिजली से होने वाले हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले बिजली विभाग की लापरवाही उजागर होने के बाद मंगलवार को नगर पालिका की कथित लापरवाही एक युवक की जान ले गई।
*क्या हुआ पूरा मामला*
शहर के एलबीएस कॉलेज के सामने बरसात के दौरान स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतर आया। इसी करंट की चपेट में आने से बहराइच निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक अपनी बहन को परीक्षा दिलाने के लिए गोण्डा आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्ट्रीट लाइट के खंभे में लिपटा तार बरसात के पानी में डूबा हुआ था। इसी वजह से पूरे इलाके में करंट फैल गया और युवक उसकी चपेट में आ गया।
*लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग*
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बरसात से पहले खंभों और तारों की जांच नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर भर में स्ट्रीट लाइट के खंभों की सुरक्षा जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

