सहारनपुर।सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी भारी पड़ेगी। कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी दुपहिया वाहन पर बगैर हैलमेट और चारपहिया वाहन में बगैर सीट बेल्ट नहीं चलेगा। अगर ऐसा पाया जाता है तो सीधे कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं सरकारी कर्मचारी और अधिकारी के साथ सफर करने वाले सहयात्री को भी हेलमेट पहनना और सीटबेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए यह आदेश सहारनपुर मंडलायुक्त अटल कुमार राय ( IAS ) ने जारी किए हैं। दरअसल सहारनपुर मंडलायुक्त सड़क दुर्घटनाओं के प्रति संवेदनशील हैं। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किए अपने निर्देशों में उन्होंने कहा है कि शासकीय एवं अर्द्ध-शासकीय कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी, वो जो दुपहिया वाहनों से कार्यालय आते जाते हैं, उनके लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

इसके साथ उनके साथ बैठने वाले सहयात्री को भी हेलमेट पहनना होगा। मंडलायुक्त ने कहा है कि जो अधिकारी और कर्मचारी चारपहिया वाहन यानी कार से आते-जाते हैं उनके लिए सीट बेल्ट अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

