अयोध्या:नया घाट चौकी के पास लगे कई बैरियरों को तोड़ते हुए डंपर ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डंपर की टक्कर से न सिर्फ बैरियर तहस-नहस हो गए, बल्कि सड़क किनारे की पटरी और दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।मौके पर पहुंची अयोध्या कोतवाली पुलिस, सीओ आशुतोष तिवारी और कोतवाल मनोज शर्मा के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
डंपर को हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

