बाराबंकी: प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव एक ही पेड़ से ही एक ही दुपट्टे के सहारे लटके हुए मिले। मृतकों की पहचान सूरज कुमार (21) और निशा बानो (18) के रूप में हुई है।दोनों मंगलवार रात 2 बजे से अपने-अपने घर से गायब हो गए थे। दोनों के बीच 5 साल से प्रेम संबंध था। पर अलग-अलग धर्म से होने के कारण परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। दो माह पूर्व ही सूरज की उसके परिवार वालों ने जबरन दूसरी लड़की से शादी करा दी थी।
इसी बात से नाराज होकर दोनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पेड़ से उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ हत्या के बिंदु पर भी जांच कर रही है।फतेहपुर क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस दबाव, धमकी या हत्या की आशंका को भी खारिज नहीं कर रही है।

