P Sharma
बांदा। नरैनी के रिसौरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात को शराब पीकर आए पति से विवाद के बाद महिला अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। एक चादर की मदद से बच्चों को शरीर से बांधा और बांदा ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। करीब 10 घंटे बाद रक्षाबंधन वाले दिन घटनास्थल से 50 मीटर दूर चारों के शव बरामद हुए। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। एएसपी शिवराज ने बताया कि रिसौरा गांव निवासी अखिलेश रात को शराब पीकर आया था। इसको लेकर उसका 30 वर्षीय पत्नी रीना से विवाद हुआ था।पत्नी ने कहा कि कल रक्षा बंधन है,वह शराब पी कर आया है,इसी बात को लेकर हुआ विवाद।
रात करीब एक बजे पति सो गया। सुबह जब उठा तो पत्नी 9 वर्षीय बेटा हिमांशु, 5 वर्षीय बेटी अंशी और 3 वर्षीय बेटा प्रिंस घर में नहीं थे। खोजते हुए वह ग्रामीणों के साथ ब्रांच नहर के पास पहुंचा तो पटरी पर कंगन, कपड़ा व बच्चे की एक जोड़ी चप्पल पड़ी थी। महिला के बच्चों समेत नहर में कूदने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई। दोपहर करीब एक बजे चारों शव नहर से बरामद हो गए। एएसपी के मुताबिक मृतका के पति अखिलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक तहरीर नहीं आई है।
बांदा: बहुत दुखद,तीन बच्चों को शरीर से बांध कर नहर में कूदी महिला, चारों की दर्दनाक मौत

